यूपी-बिहार से लेकर MP और राजस्थान तक पारा 30 के पार

Date: 2026-02-27
news-banner
नई दिल्ली : फरवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी के साथ गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के कई शहरों में तापमान 30°C के पार चला गया है। वहीं, आज कई राज्यों में बारिश का भी अलर्ट जारी है। आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल...

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। गुजरात और महाराष्ट्र के तापमान में भी इजाफा देखने को मिलेगा। इस बीच मौसम विभाग ने आज, यानी 27 फरवरी को 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम
अगर बात करें दिल्ली एनसीआर के मौसम की तो यहां तेज हवाओं के कारण लोगों को प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिली है। दिन में धूप खिली रहेगी। यहां 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री तथा 28 फरवरी को अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राजस्थान का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई शहरों में तापमान 30°C के पार चला गया है। 26 फरवरी को राजस्थान कई इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 37°C से ऊपर चला गया। बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान 36.3°C दर्ज किया गया। वहीं, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर में भी सामान्य से अधिक गर्मी महसूस हुई।

मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश में तीखी धूप देखने को मिल रही है। यहां तापमान 27°C से 32°C के बीच दर्ज हो रहा है। कल भोपाल और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों में तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास रहा, जबकि बुरहानपुर जैसे दक्षिणी क्षेत्रों में पारा 32 डिग्री तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश का मौसम
अगर बात करें उत्तर प्रदेश के मौसम की तो फिलहाल यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकांश जिलों में धूप खिलेगी। तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रहेगी। यूपी के जिन जिलों में पारा बढ़ने वाला है, उनमें कानपुर,मेरठ, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़,इटावा,मैनपुरी, मथुरा, अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा,बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर शामिल हैं। कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है।

बिहार का मौसम
अगर बात करें बिहार के मौमस की तो यहां भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। यहां तापमान में वृद्धि के साथ गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।  31.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश का मौसम
अगर बात करें पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के मौसम की तो यहां 27 और 28 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें बिलासपुर, शिमला, मंडी, सोलन और कांगड़ा जिले शामिल हैं। मनाली और आसपास के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी आज हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों के मौसम का हाल
इसके अलावा 27 और 28 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भी 28 फरवरी तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

advertisement image

Leave Your Comments