विभूतिपुर (समस्तीपुर)। प्रदेश के पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के मंत्री सुरेंद्र मेहता बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर विभूतिपुर पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। इसके बाद पंचायत समिति भवन परिसर में आयोजित बैठक में उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों और मत्स्य पालकों के उत्थान के लिए निरंतर नई योजनाएं लागू कर रही है। डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण, सब्सिडी और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और लोगों की आमदनी बढ़े।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी योग्य लाभुक को योजनाओं से वंचित रखा गया, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
कार्यक्रम में बीडीओ सुनील कुमार, बीपीआरओ रंजन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष शशीधर झा सहित कई जनप्रतिनिधि और एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा, जिन पर उन्होंने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों को आत्मनिर्भर बनाकर ग्रामीण विकास को नई गति देना है।