Darbhanga Jewellery Theft Case: दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापट्टी गांव में अलीनगर सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की मां के हीरे जड़ित गहने और कीमती घड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना एक बैठक के दौरान हुई, जब अज्ञात चोरों ने पर्स से कीमती सामान उड़ा लिया।
लालापट्टी गांव में हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधुबनी जिले के बेनीपट्टी निवासी विधायक मैथिली ठाकुर की मां भारती ठाकुर एक फरवरी की रात अपने पुत्र के साथ लालापट्टी गांव में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। बैठक के दौरान उन्होंने अपना पर्स गाड़ी में ही छोड़ दिया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने पर्स से हीरे जड़ित कान का स्टड और कीमती घड़ी चोरी कर ली।
दर्ज की प्राथमिकी
घटना की जानकारी मिलने के बाद भारती ठाकुर ने घनश्यामपुर थाना में विगत 11 फरवरी को आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में कांड संख्या 54/26 दर्ज की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एएसआई अश्विनी कुमार को सौंपी है। साथ ही घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।