समस्तीपुर : शहर के पटेल मैदान स्थित क्रीड़ा भवन में पदाधिकारी एवं बैंकर्स के संयुक्त तत्वावधान में पुरुष एवं महिला पदाधिकारियों के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिकारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना, आपसी सौहार्द को मजबूत करना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। आयोजन स्थल पर पूरे दिन खेल उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता के पहले सत्र में महिला पदाधिकारियों के एकल मुकाबले खेले गए। फाइनल मुकाबले में एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण सोनाली को सीधे सेटों में 2–0 से पराजित कर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। उनकी तेज स्मैश और सटीक ड्रॉप शॉट्स ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। वहीं कला संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी और बैंकर्स की असिस्टेंट मैनेजर गाग्री शरण ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
दूसरे सत्र में पुरुष पदाधिकारियों के डबल्स मुकाबले खेले गए। फाइनल में एडीएम ब्रजेश कुमार और एसडीसी धर्मराज की जोड़ी ने बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार एवं कुणाल की जोड़ी को 2–0 से हराकर पुरुष वर्ग का खिताब जीता। दोनों खिलाड़ियों की शानदार तालमेल और फुर्ती ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में डीसीएलआर ऋषभ राज और अभिसार की जोड़ी ने अभिजीत गौरव और समीर कुमार की जोड़ी को पराजित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एडीएम और बंदोबस्त पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं।
प्रतियोगिता का सफल संचालन जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में वरुण कुमार सिंह, सुभीत कुमार सिंह, निखिल कुमार, अंजनी कुमार, राहुल कुमार, अंशु सिन्हा सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।