Bihar Weather Update: जून के बाद जुलाई में भी मानसून की बेरुखी, सामान्य से कम बारिश और उमस भरी गर्मी का अलर्ट

Date: 2026-07-03
news-banner
B I H A R

बिहार में जून के बाद जुलाई माह में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रभाव अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने के साथ तापमान अधिक रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर खेती-किसानी के साथ-साथ आम जनजीवन पर भी पड़ने की आशंका है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना सहित कई जिलों में बादल छाए रहने, मेघ गर्जन, वज्रपात, हल्की वर्षा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 5 से 7 जुलाई के बीच मौसम में बदलाव के संकेत हैं और इस दौरान बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भभुआ के अधवारा में 86.4 मिमी सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि समस्तीपुर के पूसा में 20.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, मुजफ्फरपुर में 48 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली।

तापमान की बात करें तो पटना का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस, गया का 35.6 डिग्री, भागलपुर का 34.8 डिग्री और मुजफ्फरपुर का 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से मेघ गर्जन और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।


EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments