मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्य की 25 लाख चयनित महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित करेंगे

Date: 2026-02-16
news-banner

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्य की 25 लाख चयनित महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित करेंगे। यह राशि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रोजगार सहायता योजना के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।


सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं डीबीटी के जरिए राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में सभी जिलों के जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे, ताकि राशि अंतरण की प्रक्रिया की निगरानी की जा सके और किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।


इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार की उपस्थिति भी कार्यक्रम में रहेगी।


सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि इस चरण में लगभग 2500 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। इससे पहले भी सरकार योजना के तहत 1.56 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा चुकी है।


योजना का शुभारंभ 26 सितंबर को विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था, जब एक साथ 75 लाख महिलाओं के खातों में 7500 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई थी। इसके बाद अलग-अलग चरणों में राशि वितरण का सिलसिला जारी है।


सरकार ने संकेत दिया है कि छह महीने की अवधि पूरी होने के बाद अगली किस्त की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

advertisement image

Leave Your Comments