दरभंगा-आनंद विहार एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई गिरफ्तार, समस्तीपुर में जीआरपी को सौंपा गया

Date: 2026-02-18
news-banner

समस्तीपुर : गाड़ी संख्या 19166 दरभंगा-आनंद विहार एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान एक फर्जी टीटीई को रेल अधिकारियों ने पकड़ लिया। यह कार्रवाई दरभंगा और समस्तीपुर के बीच की गई। आरोपी को ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने पर उतारकर जीआरपी के हवाले कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार, दरभंगा से ट्रेन खुलने के बाद नियमित टिकट जांच चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति यात्रियों से टिकट मांगते हुए खुद को टीटीई बताकर जांच करता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियों पर रेलकर्मियों को संदेह हुआ। जब उससे पहचान पत्र और अधिकृत दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो वह कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।


पूछताछ में उसके जवाब भी संतोषजनक नहीं पाए गए। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए रेल अधिकारियों ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। समस्तीपुर स्टेशन पहुंचते ही आरोपी को जीआरपी समस्तीपुर को सौंप दिया गया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्रियों से अवैध वसूली की मंशा से फर्जी टीटीई बनकर ट्रेन में घूम रहा था। हालांकि उसके उद्देश्य और संभावित आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच की जा रही है।


रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट जांच के दौरान अधिकृत टीटीई का पहचान पत्र अवश्य देखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या जीआरपी को दें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

advertisement image

Leave Your Comments