समस्तीपुर में रिसेप्शन पार्टी के दौरान फायरिंग, एक दर्जन संदिग्ध हिरासत में

Date: 2026-02-13
news-banner

समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गरूआरा चौर के एक विवाह भवन में बुधवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिसेप्शन समारोह के दौरान अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

बताया जाता है कि समारोह में स्टेज पर माही-मनीषा नामक नर्तकियों का डांस कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक-दो युवकों ने कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और डांस कार्यक्रम तत्काल रोक दिया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के साथ नगर थाना, डीआईयू और एसटीएफ की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। मौके से कई खोखे भी बरामद किए गए हैं। हालांकि कुछ लोग भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

गुरुवार को एसटीएफ के अधिकारी भी समस्तीपुर पहुंचे और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग किस उद्देश्य से की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

advertisement image

Leave Your Comments