पटना : शादी की सालगिरह पर सोशल मीडिया पोस्ट करने के कुछ ही घंटों बाद बिहार एसटीएफ ने तेजस्वी यादव के कथित करीबी देवा गुप्ता को पटना से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई शुक्रवार शाम पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने छापेमारी कर देवा को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह देवा गुप्ता ने अपनी पत्नी के साथ सालगिरह का भावुक संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया था। उसी दिन शाम को एसटीएफ ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, देवा गुप्ता पर हत्या, लूट, रंगदारी और जमीन कब्जे सहित कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मोतिहारी पुलिस की 100 वांछित अपराधियों की सूची में उसका नाम सबसे ऊपर बताया गया था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। दो मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
करीब दो महीने पहले पटना हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई लंबित रहने तक कठोर कार्रवाई पर रोक लगाई थी। इसके बाद पुलिस की सीधी कार्रवाई कुछ समय के लिए रुकी रही। अब एसटीएफ की गिरफ्तारी के बाद कानूनी स्थिति फिर चर्चा में है।
देवा गुप्ता की पत्नी प्रीति कुमारी मोतिहारी नगर निगम की मेयर हैं। उन्होंने कार्रवाई को बेवजह बताते हुए कहा कि कई मामलों में जमानत और स्थगन आदेश मिल चुका है। इधर, विपक्षी दलों ने मामले को कानून-व्यवस्था से जोड़कर सवाल उठाए हैं, जबकि राजद खेमे में इसे राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बताया जा रहा है। फिलहाल एसटीएफ के विस्तृत आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है।