पटना में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ निश्चय के तहत सेवा-संवाद-समाधान, 72 लोगों की समस्याओं का त्वरित निवारण

Date: 2026-02-02
news-banner
‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) निश्चय के अंतर्गत सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत  पटना जिला में आज अधिकारियों द्वारा आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा समाधान हेतु कार्रवाई की गई। जिला पदाधिकारी, पटना के निदेश पर पटना समाहरणालय में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, पटना द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से आए 72 (बहत्तर) लोगों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया। आगंतुकों द्वारा दिए गए आवेदन पत्र के आलोक में जिलाधिकारी के निदेश पर संबंधित पदाधिकारियों को मामलों को विधिवत निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। 

आवेदक श्री अवधेश प्रसाद सिंह, पता- धनरूआ, पटना द्वारा वृक्षारोपण की राशि नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया गया।  प्रखंड विकास पदाधिकारी, धनरूआ को नियमानुसार मामले को शीघ्र निष्पादित करने का निदेश दिया गया। 

आवेदक श्री राजू कुमार, पता- नेहरू पथ, रूपसपुर, पटना द्वारा जमाबंदी को निरस्त करने हेतु आवेदन दिया गया। अपर समाहर्ता, पटना को मामला को विधिवत शीघ्र निष्पादित करने के लिए हस्तांतरित किया गया।

आवेदिका किरण सिंह, पता-कंकड़बाग, पटना ने जमीन पर से अवैध कब्जा को हटाने के संबंध में आवेदन समर्पित किया। इसके आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर को मामला को विधिवत शीघ्र निष्पादित करने के लिए हस्तांतरित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान’’ (Ease of living) के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए पटना जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों द्वारा आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह के दो कार्यदिवस (सोमवार एवं शुक्रवार) को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में आमलोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके निर्धारित कार्य-स्थल/कार्यालय कक्ष में निर्धारित अवधि में मिल रहे हैं। अधिकारियों को दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आम जनता द्वारा मुख्यतः राजस्व, कृषि, पुलिस, ग्रामीण विकास, भूमि अर्जन, निबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित विषयों पर आवेदन दिया गया है। सभी मामलों में विधिवत तरीके से त्वरित समाधान की कार्रवाई की गई है। लोग काफ़ी संतुष्ट हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि समस्याओं का केवल निष्पादन पर्याप्त नहीं है। आम जनता की संतुष्टि सर्वाेपरि है। जो भी आवेदन प्राप्त हुआ है उसमें दिए गए मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए जनता की शिकायतों का शत-प्रतिशत निवारण करें। 

जिलाधिकारी ने कहा कि आगंतुकों द्वारा अपनी समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इन सब सुझावों पर जनहित में विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशों एवं उद्देश्यों के अनुरूप जिला प्रशासन, पटना द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुदृढ़ करने के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। आम जनता को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है।
advertisement image

Leave Your Comments