समस्तीपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा की शुरुआत आज से समस्तीपुर जिले में हो गई। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। जिले में कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ दो पालियों में परीक्षाएँ आयोजित की जा रही हैं। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है और सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
परीक्षा के पहले दिन सुबह से ही केंद्रों पर सख्ती देखने को मिली। परीक्षार्थियों को प्रवेश से पहले गहन जांच से गुजरना पड़ा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध है। कई केंद्रों पर छात्रों को जूते-मोजे तक उतरवाकर अंदर जाने दिया गया। हर केंद्र पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है।
जिले में इस वर्ष कुल 64,355 परीक्षार्थी इंटर परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें विज्ञान संकाय के 33,607, कला के 29,971, वाणिज्य के 765 और वोकेशनल के 12 छात्र-छात्राएँ हैं। परीक्षा दो पालियों में ली जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित हो रही है। पहली पाली के लिए 9:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया, जबकि दूसरी पाली के लिए 1:30 बजे तक हॉल में पहुँचना अनिवार्य किया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर गुप्ता ने बताया कि जिला मुख्यालय में 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा रोसड़ा अनुमंडल में 14, दलसिंहसराय में 6 और पटोरी में 9 केंद्रों पर परीक्षाएँ हो रही हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ पुलिस बल और निगरानी दल सक्रिय हैं।
प्रशासन ने साफ कहा है कि नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।