S A M A S T I P U R
समस्तीपुर/उजियारपुर में उजियारपुर से शाहपुर पटोरी तक नई रेल लाइन निर्माण और उजियारपुर रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा देने की मांग अब तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए हैं।
समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड के बीच स्थित उजियारपुर रेलवे स्टेशन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। यहां यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नेताओं कृष्ण कुमार सहनी और राजेश्वर महतो समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि उजियारपुर को सरायरंजन और मोरवा होते हुए पटोरी स्टेशन से जोड़ दिया जाए, तो क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे हाजीपुर और पटना की दूरी भी कम होगी और यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी।
नेताओं का कहना है कि नई रेल लाइन बनने से किसानों और व्यापारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस मांग को लेकर जल्द ही सर्वदलीय बैठक आयोजित कर रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई जा रही है। इससे पहले सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक को भी मांग पत्र भेजा जा चुका है।
मांग पत्र में उजियारपुर स्टेशन के सौंदर्यीकरण, जर्जर फुट ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण, बंद गुमटी पर नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण, फाटक संख्या 44 पर आरओबी बनाने और रेलवे की अतिक्रमित भूमि को खाली कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इन मांगों पर अमल किया जाता है, तो उजियारपुर क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और यह एक महत्वपूर्ण रेल हब के रूप में उभर सकता है।
EXPOSE BIHAR DESK