अदालत में लालू-राबड़ी ने आरोपों को स्वीकार करने से किया इनकार

Date: 2026-02-16
news-banner

देश के चर्चित ‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाला मामले में सोमवार को नई दिल्ली की राउस एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अदालत में साफ कहा कि वे अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार नहीं करते और मुकदमे का सामना करेंगे।


सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों नेताओं से पूछा कि क्या वे दोष स्वीकार करते हैं। इस पर उन्होंने खुद को बेगुनाह बताते हुए ट्रायल की प्रक्रिया में शामिल होने की बात कही। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों नेता कोर्ट पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।


केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने रेलवे में ग्रुप-डी नौकरियों के बदले जमीन ली। एजेंसी का दावा है कि अभ्यर्थियों से कम कीमत पर या उपहार के रूप में जमीन लेकर उसे परिवार के सदस्यों या उनसे जुड़ी कंपनियों के नाम ट्रांसफर कराया गया। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी और बिना विज्ञापन नियुक्तियां करने का भी आरोप है।


इस मामले में मीसा भारती और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत अन्य पर भी आरोप हैं।

अदालत में आरोपों से इनकार के बाद अब नियमित ट्रायल चलेगा, जिसमें गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच की जाएगी। राजनीतिक दृष्टि से भी इस मामले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

advertisement image

Leave Your Comments