मुजफ्फरपुर में अपने ही थाने से गिरफ्तार हुआ दारोगा, 8 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी विभाग ने दबोचा

Date: 2026-07-01
news-banner
M U Z A F F A R P U R

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना से पहुंची निगरानी विभाग की विशेष टीम ने साहेबगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर ओपी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मुन्ना यादव को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, बरूराज थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी बबन पासवान का अपने पड़ोसी मोहन पासवान से विवाद हुआ था। इस मामले में कार्रवाई करने और केस डायरी को 'मैनेज' करने के नाम पर कांड के जांच अधिकारी एएसआई मुन्ना यादव ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

रिश्वत नहीं देना चाहने पर बबन पासवान ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 8 हजार रुपये एएसआई को दिए, जिसके तुरंत बाद पहले से मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

निगरानी विभाग ने जब आरोपी एएसआई के हाथ धुलवाए तो उनका रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ पटना ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी और बाद में विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे जिले में मामले की चर्चा हो रही है।


EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments