शाहिद कपूर की रोमांटिक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ओ रोमियो' के ट्रेलर के बाद अब मेकर्स इसके एक के बाद एक गाने को रिलीज करके फैंस की उत्सुकता को और भी बढ़ा रहे हैं।
कुछ दिनों पहले फिल्म का पहला रोमांटिक ट्रैक 'हम तो तेरे ही लिए थे' मेकर्स ने रिलीज किया था। अब फैंस की एक्साइटमेंट कम होती, उससे पहले ही विशाल भारद्वाज ने 'ओ रोमियो' का दूसरा ट्रैक रिलीज कर दिया है, जिसमें दिशा पाटनी कातिलाना अदाओं से इंटरनेट पर आग लगा रही हैं और शाहिद कपूर की तारीफ करते हुए फैंस नहीं थक रहे हैं।
'आशिकों की गलियों' में दिशा पाटनी ने बनाया घर
'ओ रोमियों' (O Romeo) में दिशा पाटनी 'जूली' का किरदार निभा रही हैं। मुंबई अंडरवर्ल्ड की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती फिल्म में दिशा का किरदार क्या होगा, इसका खुलासा तो 'ओ रोमियो' की रिलीज के साथ होगा, लेकिन मूवी से उनका पहला आइटम सॉन्ग रिलीज कर दिया गया है। इस गाने का टाइटल है 'आशिकों की गलियों में घर बनाऊंगी'।
गाने में जहां दिशा पाटनी लहंगा चोली और नोजपिन पहनकर किलर एक्सप्रेशन के साथ-साथ डांस मूव्स से भी नोरा फतेही सहित सबको टक्कर दे रही हैं, तो वहीं शाहिद कपूर का टपोरी अंदाज देखते ही बन रहा है। ओ रोमियो के इस गाने को 4 घंटे के अंदर ही 1 मिलियन से ज्यादा व्यूज Youtube पर मिल चुके हैं।
गुलजार ने लिखे हैं गाने के लिरिक्स
'आशिकों की गलियों' के गाने का कंपोजिशन जहां खुद विशाल भारद्वाज ने किया है, तो वहीं लिरिक्स गुलजार साहब ने लिखे हैं। गाने को आवाज मधुबंती बागची और जावेद अली ने दी है। दिशा पाटनी के अलावा शाहिद कपूर की 'मूनवॉक' इस गाने का हाईलाइट है। एक यूजर ने लिखा, "ये गाना दिशा से ज्यादा शाहिद के लिए देखने का मन कर रहा है। यह हमारी इंडस्ट्री के सबसे बेस्ट डांसर्स में से एक हैं।"
दूसरे यूजर ने लिखा, "दिशा पाटनी और शाहिद कपूर गाने में सारे आशिकों के दिल ले गए हैं।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "शाहिद कपूर और दिशा पाटनी की केमिस्ट्री कितनी सिजलिंग है।" शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।