नई दिल्ली। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अगले महीन से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप-2026 के लिए अपनी अंतिम 15 सदस्यीय टीम का एलान किया। इसमें कुछ बड़े फैसले सामने आई हैं। पैट कमिंस पीठ की समस्या के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। वहीं स्टीव स्मिथ को भी टीम में जगह नहीं मिली है।
मैथ्यू शॉर्ट को टीम से बाहर किया गया है। उनकी जगह मैट रेनशॉ वर्ल्ड कप खेलते हुए नजर आएंगे। जॉश हेजलवुड, टिम डेविड, नाथन एलिस ने वर्ल्ड कप के फिटनेस टेस्ट को पास कर लिया है। हेजलवुड मांसपेशियों की समस्या के कारण एशेज सीरीज से पहले से बाहर थे। डेविड ने भी इसी समस्या के कारण बीबीएल में हिस्सा नहीं लिया और न ही वह इस समय पाकिस्तान के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज का हिस्सा हैं।
कमिंस को पहले मिली थी जगह
कमिंस को पहले घोषित की गई 15 सदस्यी प्रोविजनल टीम में जगह मिली थी जिसमें ये बताया गया था कि वह शुरुआती मैचों से दूर रहेंगे,लेकिन बाद में खेलेंगे। अब ये साफ हो गया है कि वह वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे। एशेज सीरीज के दौरान उन्हें चोट लगी थी। उन्होंने अपना आखिरी मैच दिसंबर में एडिलेड में खेला था।
बेन ड्वारशुइस को टीम में जगह मिली है। वह प्रोविजनल टीम में नहीं थे। बाएं हाथ के इस गेंदबाज के आने से टीम के पास वैरिएशन होगा। वहीं शॉर्ट को खराब फॉर्म के कारण बाहर किया गया है। रेनशॉ को स्पिन का बेहतर बल्लेबाज होने के अलावा बाएं हाथ का बल्लेबाज होने के कारण तरजीह मिली है।
कमिंस को चाहिए ज्यादा समय
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सेलेक्टर टोनी डोडेमेड ने बताया है कि कमिंस को पूरी तरह से फिट होने के लिए ज्यादा समय की जरूरत है। उन्होंने कहा, "पैट कमिंस को पीठ की चोट से उबरने के लिए ज्यादा समय की जरूरत है। बेन उनकी जगह लेने को तैयार हैं। वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और शानदार फील्डर होने के साथ-साथ दमदार बल्लेबाज भी हैं।"
रेनशॉ को लेकर उन्होंने कहा, "मैट ने सभी फॉर्मेट में काफी प्रभावित किया है। वह ऑस्ट्रेलिया, क्वींसलैंड बुल्स और ब्रिस्बेन हीट के लिए सफेद गेंद से कई भूमिका निभा चुके हैं।"
टी20 वर्ल्ड कप-2026 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जॉश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैट कुहनेमान, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडन जैम्पा।