बीआरबी कॉलेज समस्तीपुर के छात्र प्रणव कश्यप ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान

Date: 2026-02-19
news-banner

समस्तीपुर। बीआरबी कॉलेज समस्तीपुर के छात्र प्रणव कश्यप ने चौथे नेशनल इंवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026 में प्रभावशाली भागीदारी दर्ज कर कॉलेज, विश्वविद्यालय और पूरे मिथिला क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय युवा संसद में देशभर से चयनित प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान प्रणव कश्यप ने वैश्विक जलवायु सम्मेलन ‘सीओपी 30’ के संदर्भ में भारत की पारंपरिक जीवनशैली और सभ्यतागत मूल्यों पर आधारित सतत विकास की अवधारणा को मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देती है, जो आज के पर्यावरण संकट के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अपने वक्तव्य में उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सौर और पवन ऊर्जा जैसे स्वच्छ स्रोतों के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकता है। साथ ही वर्ष 2050 तक नेट-ज़ीरो लक्ष्य हासिल करने के लिए दीर्घकालिक योजना और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई।

प्रणव ने वृक्षारोपण और वन संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे कार्बन सिंक के रूप में कार्य करते हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में भारत की वैश्विक नेतृत्वकारी भूमिका को मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया।

प्रणव कश्यप की शोधपूर्ण और प्रभावशाली प्रस्तुति को विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने सराहा। उनकी इस उपलब्धि से बीआरबी कॉलेज, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय और समस्तीपुर जिले में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और छात्रों ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।

advertisement image

Leave Your Comments