P A T N A
राजद सुप्रीमो लालू यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को करीब 20 वर्षों बाद खाली कर दिया है। दोनों अब कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हो गए हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में रहने लगे हैं।
राबड़ी देवी को वर्ष 2006 में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास आवंटित किया गया था। तब से यह बंगला बिहार की राजनीति के कई महत्वपूर्ण फैसलों का केंद्र रहा है। इसी आवास में रहते हुए तेजस्वी यादव ने वर्ष 2015 में पहली बार बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
भवन निर्माण विभाग द्वारा चार बार नोटिस जारी किए जाने के बाद राबड़ी देवी ने आवास खाली किया। इससे पहले उनके आप्त सचिव ने विभाग से 5 जुलाई तक अतिरिक्त समय देने का अनुरोध भी किया था। साथ ही आवास खाली करने से पहले सरकारी सामानों के मिलान के लिए चार्ज रजिस्टर और विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सामानों की सूची मांगी गई थी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
10 सर्कुलर रोड बंगला खाली होने के साथ ही बिहार की राजनीति के एक लंबे और महत्वपूर्ण अध्याय का भी समापन माना जा रहा है।
EXPOSE BIHAR DESK