सलमा सुल्ताना हत्याकांड: बॉयफ्रेंड के एक हाथ में लाश, दूसरे में सिगरेट और जुंबा पर गाना... गवाह ने खोले राज

Date: 2026-02-12
news-banner
नई दिल्ली : न्यूज एंकर सलमा सुल्तान की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या करने के बाद जिम ट्रेनर मधुर साहू ने फिल्मी विलेन जैसी हरकतें की थीं। हत्याकांड की सुनवाई के दौरान चश्मदीद गवाह डिंपल सिंह (काल्पनिक नाम) ने न्यायालय में चौंकाने वाला बयान दिया।

गवाह ने बताया कि हत्या के बाद मधुर साहू साइको किलर की तरह शव को बाएं हाथ से गोद में ले दाएं हाथ से सिगरेट के कश लगाते हुए “तुझसे नाराज नहीं जिंदगी, हैरान हूं मैं” गाना गा रहा था। गवाह के अनुसार यह गाना सलमा सुल्तान का पसंदीदा था।

पूरा मामला
दरअसल, साल 2018 में हुई सलमा सुल्तान की हत्या की सुनवाई कोरबा के विशेष सत्र न्यायालय में चल रही। शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद गवाह डिंपल को पेश किया। उसने बताया कि प्रोटीन वर्ल्ड जिम में वह कंप्यूटर ऑपरेटर के रुप में कार्यरत थी।

मधूर को भी प्रेमजाल में फंसाया
कोर्ट में गवाह ने यह भी स्वीकार किया कि ट्रेनर मधुर ने उसे भी अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था, लेकिन जब उसने कंप्यूटर में अन्य लड़कियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मधुर की तस्वीरें देख लीं, तो उसने उससे रिश्ता समाप्त करने की कोशिश की, पर उसके आपत्तिजनक फोटो को प्रसारित कर देने की धमकी देकर उससे अपनी इच्छा मुताबिक काम लेता रहा। बाद में उसे पता चला कि मधुर साहू के सलमा सुल्तान सहित अन्य कई युवतियों से भी संबंध थे।

गवाह के अनुसार, दुकान के कंप्यूटर में उसने मधुर की अन्य लड़कियों के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें देखी थीं, जिसके बाद उसने मधुर से संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया। इस पर मधुर ने उसे धमकाया और बदनाम करने की धमकी दी।

गवाह ने यह भी बताया कि सलमा सुल्तान और मधुर शारदा विहार स्थित घर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। सलमा को भी मधुर की इन गतिविधियों पर शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना अक्टूबर 2018 की है, जब दशहरे के एक-दो दिन बाद सलमा सुल्तान ने डिंपल को अपने घर बुलाया था।

सलमा और मधुर के बीच तीखी बहस
गवाह के अनुसार, उस दिन घर में सलमा और मधुर के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। मधुर ने सलमा को पीटना शुरू कर दिया और गला दबाकर दीवार से टांग दिया। सलमा छटपटाने लगी और उसके नाखून से मधुर की गर्दन पर खरोंच भी आई।

उस समय गवाह और घरेलू सहायिका सविता ने बीच-बचाव कर किसी तरह सलमा को छुड़ाया। हालांकि मामला यहीं नहीं रुका। थोड़ी देर बाद गुस्से में मधुर ने दोबारा सलमा पर हमला कर दिया। इसी दौरान कौशल श्रीवास (कर्मचारी) भी वहां पहुंच गया।

गवाह ने बताया कि जब वह और काम करने वाली विमला (बदला हुआ नाम) कमरे से बाहर आए तो देखा कि मधुर, सलमा के ऊपर बैठकर उसका गला दबा रहा था, जबकि कौशल तकिए से उसका मुंह दबाए हुए था। डर के मारे वह मदद के लिए बाहर भागना चाहती थी, लेकिन कौशल ने उसे रोक लिया और मधुर ने जान से मारने की धमकी दी।

भयावह दृश्य
यह दृश्य इतना भयावह था कि वह और विमला फूट-फूटकर रोने लगीं। इसके बाद मधुर ने दोनों युवतियों को धमकाकर सबूत मिटाने में इस्तेमाल किया। फिलहाल इस मामले में मधुर साहू सहित कौशल श्रीवास व अतुल शर्मा गिरफ्तार किए गए थे। वर्तमान में सभी आरोपित जमानत पर हैं और प्रकरण की सुनवाई जारी है।

ऐसे डरा कर किया इस्तेमाल व मिटाए सबूत
गवाह डिंपल ने बताया कि सलमा की स्कूटी कुसमुंडा स्थित उसके घर छोड़ने, मोबाइल फोन से फर्जी संदेश भेजने और रेलवे स्टेशन पर मोबाइल बंद करने जैसी साजिश रची गई, ताकि यह लगे कि सलमा खुद कहीं चली गई है। गवाह ने बताया कि डर के कारण उसने तत्काल पुलिस को सच्चाई नहीं बताई।

बाद में मानसिक आघात के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया। वर्षों बाद जब मामले की जांच आगे बढ़ी और शव फोरलेन सड़क के नीचे से बरामद हुआ, तब यह हत्याकांड उजागर हुआ।

शव ले जाते देखा, पर कहां दफनाया नहीं था किसी को पता
इस केस की कहानी चर्चित फिल्म दृश्यम की तर्ज पर सामने आई, जिसमें साजिश और सबूत छिपाने की परतें एक-एक कर खुलीं। दरअसल चश्मदीद दोनों गवाह ने हत्या करते व गाड़ी में ठिकाने लगाने ले जाते देखा था, पर शव को कहां दफनाया गया था। इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।

यही नहीं पहले जहां मधुर ने शव को दफनाया था, उसका स्थान बदल कर बाद में दर्री कोरबा मार्ग के भवानी मंदिर के पास सड़क किनारे दफना दिया था। संयोग से पुरानी सिंगल सड़क की फोरलेन सड़क का निर्माण हो गया और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बीच सड़क से गड्ढा कर शव बाहर निकाला।

कब क्या हुआ?
सलमा सुल्तान अक्टूबर 2018 में दशहरे के एक-दो दिन बाद शारदा विहार से लापता हुई।
वर्ष 2019 में थाना कुसमुंडा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
2022- 23 में महिला चश्मदीद गवाह के बयान और पुलिस जांच से हत्या का संदेह स्पष्ट हुआ।
वर्ष 2023 में फोरलेन सड़क के नीचे दफन शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सलमा के रूप में हुई।
शव मिलने के बाद 2023 में मधुर साहू सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
2024- 25 के दौरान चार्जशीट दाखिल होने और ट्रायल लंबित होने के आधार पर तीनों आरोपियों को जमानत मिली।
advertisement image

Leave Your Comments