S A M A S T I P U R
समस्तीपुर साइबर ठगी मामला: बिहार के समस्तीपुर जिले में साइबर अपराधियों ने एक महिला स्वास्थ्यकर्मी को निशाना बनाकर दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 2 लाख 7 हजार 869 रुपये की ठगी कर ली। ठगी की शिकार महिला की पहचान चकमेहसी थाना क्षेत्र के नीमचकहैदर गांव निवासी सुनील कुमार चौधरी की पुत्री गोल्डी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोल्डी कल्याणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत एचएससी मालीपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया है कि साइबर ठगों ने फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाकर इस वारदात को अंजाम दिया और उनके दोनों बैंक खातों से रकम निकाल ली।
घटना के बाद पीड़िता ने साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह घटना एक बार फिर मोबाइल पर अनजान APK फाइल डाउनलोड करने के खतरे को उजागर करती है। साइबर अपराध से बचने के लिए किसी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
EXPOSE BIHARDESK