S A M A S T I P U R
समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र एवं वैशाली जिले के सीमावर्ती बलिगांव के पास शुक्रवार को एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अमन कुमार के दाएं पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी लक्ष्मी कुमार भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों अपराधी लूट, हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित थे।
पुलिस को क्षेत्र में अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भागते समय गिरकर जख्मी हो गया।
सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में अमन कुमार को दाएं पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा बदमाश भागने के दौरान पैर फ्रैक्चर होने से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।
EXPOSE BIHAR DESK