S A M A S T I P U R
समस्तीपुर : शहर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभिन्न योजनाओं में निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर पब्लिक मनी की बंदरबांट की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा न तो सही जांच की जाती है और न ही दोषियों पर कार्रवाई होती है। इसके बावजूद कार्य का भुगतान गुपचुप तरीके से कर दिया जाता है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
वार्ड 23 और 25 के सीमावर्ती नीम चौक पर बन रही नई पुलिया को लेकर विरोध तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना लेवलिंग किए ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इतना ही नहीं, रात के समय नाली के गंदे पानी में ही निर्माण सामग्री डालकर काम किया जा रहा है, जिससे पुलिया की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि गलत तरीके से किए गए निर्माण के कारण इलाके में जल निकासी की समस्या और बढ़ गई है। पहले भी नीम चौक पर बनाई गई पुलिया सड़क से ऊंची होने के कारण बेकार हो चुकी है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो रहा है।
इस मामले की शिकायत डीएम से भी की गई है। हालांकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोग सड़क पर उतरकर निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दे रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दिन में हो रहे अव्यवस्थित निर्माण कार्य से यातायात बाधित हो रहा है और उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।
EXPOSE BIHAR DESK