S A M A S T I P U R
समस्तीपुर : जिले में मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों, तेज आवाज वाले साइलेंसर और ताजपुर–बख्तियारपुर फोरलेन पर स्टंट के वायरल वीडियो को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
इसी क्रम में बुधवार को ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुसरीघरारी स्थित एक मोटरसाइकिल गैराज में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह गैराज इंद्र कुमार उर्फ छोटू द्वारा संचालित किया जाता है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई ऐसे साक्ष्य मिले, जिनसे संकेत मिला कि यहां मोटरसाइकिलों को अवैध रूप से मॉडिफाई कर तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाए जाते थे। मौके से दो मॉडिफाइड बाइक बरामद की गईं, जिनमें नियमों के विरुद्ध साइलेंसर लगे थे और नंबर प्लेट भी नहीं थी।
पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। वहीं कार्रवाई के दौरान एक अन्य बाइक भी जब्त की गई है। जब्त वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, अवैध मॉडिफिकेशन कराने वालों और स्टंट कर कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
EXPOSE BIHAR DESK