S A M A S A T I P U R
समस्तीपुर जिले के पुलिस महकमे में जल्द बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने विभिन्न थानों में लंबे समय से पदस्थापित पुलिसकर्मियों की सूची तलब की है। सूत्रों के अनुसार, वर्षों से एक ही थाना या क्षेत्र में जमे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ कई थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में कई थानाध्यक्षों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई गई थी तथा लंबित मामलों, शराब तस्करी, चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को लेकर कई अधिकारियों को फटकार भी लग चुकी है।
फिलहाल एसपी कार्यालय की ओर से तबादले को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। आदेश जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्षों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस संभावित फेरबदल को लेकर पूरे पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज है।
EXPOSE BIHAR DESK