समस्तीपुर/मोहिउद्दीननगर: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म कांड के फरार अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। हरैल पंचायत के चापर गांव स्थित अभियुक्त के घर न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चिपकाया गया है। यह कार्रवाई कांड के प्राथमिकी अभियुक्त महेन्द्र पासवान, पिता स्व. शिवायक पासवान के विरुद्ध की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद महेन्द्र पासवान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
प्राथमिकी के बाद से ही अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा कई बार छापेमारी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष सह अनुसंधान पदाधिकारी एसआई अन्नू सिंह ने बताया कि अभियुक्त की लगातार फरारी को देखते हुए न्यायालय से इश्तेहार निर्गत कराया गया है, जिसे नियमानुसार उसके आवास पर चिपकाया गया।
पुलिस का कहना है कि दु'ष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें अभियुक्त के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।