S A M A S T I P U R
समस्तीपुर रावण दहन कार्यक्रम: बिहार के समस्तीपुर जिले में दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जितवारपुर प्रखंड कार्यालय में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) राकेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में SDO ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को मौके पर तैनात रखने और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और कचरा प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया।
SDO राकेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाना चाहिए। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी, आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
EXPOSE BIHAR DESK