S A M A S T I P U R
समस्तीपुर: जिला परिवहन कार्यालय द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। मोटरयान अधिनियम के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए इस अभियान में कुल 4 लाख 21 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों की टीम ने यह अभियान संचालित किया। जारी रिपोर्ट के अनुसार कुल 504 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 54 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए और उनसे जुर्माना वसूला गया।
अभियान में मोटरयान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों की टीम सक्रिय रही। मोटरयान निरीक्षक उत्तम कुमार ने 112 वाहनों की जांच कर 1,20,500 रुपये, बिमल कुमार ने 45 वाहनों से 47,500 रुपये और राकेश कुमार ने 70 वाहनों से 70,600 रुपये का जुर्माना वसूला।
वहीं, प्रवर्तन अवर निरीक्षक रंजित साह ने 120 वाहनों से 69,500 रुपये, आशुतोष कुमार ने 79 वाहनों से 77,500 रुपये तथा संदीप कुमार ने 78 वाहनों से 35,600 रुपये की वसूली की।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
EXPOSE BIHAR DESK