समस्तीपुर की अनोखी पाठशाला में बच्चों को मिला ‘तिरंगा वाला पौधा’, देशभक्ति और पर्यावरण का संगम

Date: 2026-01-28
news-banner

समस्तीपुर/रोसड़ा। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर समस्तीपुर जिले में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली एक अनोखी पहल सामने आई। ‘ऑक्सीजन मैन’ के नाम से मशहूर ग्लोबल एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट चेंज लीडर सह पर्यावरण सांसद राजेश कुमार सुमन ने ग्रीन पाठशाला बीएसएस क्लब से “तिरंगा वाला पौधा वितरण अभियान” की शुरुआत की। इस अभियान के तहत उन्होंने समस्तीपुर और बेगूसराय जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जाकर सैकड़ों बच्चों के बीच तिरंगे के रंगों वाला पौधा वितरित किया।

राजेश कुमार सुमन ने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस पौधे को ‘तिरंगा’ नाम देकर अपने घर और स्कूल परिसर में लगाएं। उन्होंने कहा कि जब यह पौधा बड़ा होगा और शुद्ध ऑक्सीजन, फल, छाया और लकड़ी देगा, तब यह हर साल बच्चों को गणतंत्र दिवस की याद दिलाएगा। यह पौधा न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बनेगा, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना भी विकसित करेगा।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “आज गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हम आपको ऐसा उपहार दे रहे हैं, जो जीवन भर आपके साथ रहेगा। यह तिरंगा वाला पौधा आपको प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ देश के प्रति प्रेम और गर्व की भावना भी मजबूत करेगा।”

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बच्चों ने अपने स्कूल और घरों में पौधा लगाने का संकल्प लिया और कहा कि वे अपने दोस्तों व परिवार को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्हें यह भी बताया गया कि पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन देते हैं, तापमान नियंत्रित करते हैं और पर्यावरण को स्वच्छ बनाते हैं।

बताते चलें कि राजेश कुमार सुमन अब तक देशभर में एक लाख किलोमीटर से अधिक की “ऑक्सीजन बचाओ हरित यात्रा” पूरी कर चुके हैं और निजी खर्च पर बेटियों के सम्मान में सात लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। उनके इस कार्य की सराहना प्रधानमंत्री कार्यालय सहित देश के कई बड़े व्यक्तित्वों ने की है।

पौधा वितरण कार्यक्रम में सतीश कुमार, संतोष कुमार, ऋषि कुमार, नीतीश राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समय की जरूरत बताया और इसे अन्य जिलों में भी लागू करने की मांग की।

यह पहल बच्चों में देशभक्ति के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।

advertisement image

Leave Your Comments