बिहार में शिक्षक भर्ती TRE-4: 44 हजार शिक्षकों की होगी नियुक्ति, BPSC अगले महीने जारी करेगा विज्ञापन

Date: 2026-02-05
news-banner

बिहार के सरकारी विद्यालयों में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया (TRE-4) के तहत लगभग 44 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग को सभी जिलों से कक्षा 1 से 12 तक के रिक्त पदों का विवरण मिल चुका है और आरक्षण रोस्टर के अनुसार इन्हें क्लियर कर सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति के बाद यह रिक्तियां बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाएंगी।

सूत्रों के अनुसार BPSC फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का विज्ञापन जारी कर सकता है। इस भर्ती में कक्षा 9 से 12 तक के लिए लगभग 25 हजार पद और कक्षा 1 से 8 तक के लिए करीब 19 हजार पद होंगे।

TRE-4 के बाद बिहार में शिक्षकों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 6.40 लाख हो जाएगी। वर्तमान में राज्य में औसतन 29 छात्रों पर एक शिक्षक हैं, जो नई नियुक्तियों के बाद सुधरकर लगभग 27 छात्रों पर एक शिक्षक हो जाएगा।

इस बार भर्ती में बिहार के अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। लगभग 85 प्रतिशत सीटें राज्य के युवाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। साथ ही महिला अभ्यर्थियों को भी आरक्षण का विशेष लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस भर्ती से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।


advertisement image

Leave Your Comments