समाहर्त्ता-सह-जिलाधिकारी, पटना द्वारा राजस्व मामलों की समीक्षा की गई। सभी अंचल अधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को राजस्व कार्योें में पारदर्शिता एवं उतरदायित्व सुनिश्चित करते हुए जनहित के कार्यों को तत्परता से निष्पादित करने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अंचल कार्यालयों में बिचौलियों, दलालों तथा मुंशी की कोई भूमिका नहीं है। सभी अंचल कार्यालयों में हाई एण्ड सीसीटीवी कैमरों का संस्थापन किया जाए ताकि दलालों का प्रवेश निषेध हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरूद्ध विधि-सम्मत सख्त-से-सख्त कार्रवाई करंे। इसके लिए नगर क्षेत्र अर्न्तगत अंचल कार्यालयों में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी विशेष औपचारिक निगरानी सुनिश्चित करें। भू-माफियाओं की पहचान होने पर अंचल अधिकारी उनके विरूद्ध भारतीय न्याय सहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करें।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि जिला स्तर से अपर समाहर्त्ता एवं अन्य वरीय पदाधिकारी अंचल कार्यालयों की गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करें। क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि किसी दलाल/मुंशी की पहचान हो तो तुरंत उनके विरूद्ध धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अंचल अधिकारी स्थानीय थाना में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करें।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि सभी अंचल अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में एक दूरभाष संख्या जारी करें ताकि इस नम्बर पर कोई भी व्यक्ति दलालों/बिचौलियों/मंुशियों के बारे में सूचित कर सकें। सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में इस दूरभाष संख्या का जिक्र करते हुए सूचना प्रदर्शित करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित सभी पदाधिकारियों को विभागीय दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए कार्यों को सम्पन्न करने का निदेश दिया गया। दाखिल-खारिज, परिमार्जन इत्यादि आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निष्पादित करने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नापीवाद, अतिक्रमणवाद आदि मामलों को तत्परता से निष्पादित करने का निदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि आम नागरिकों को सरलतापूर्वक पारदर्शी तरीके से लोक सेवाओं एवं जनहित की योजनाओं का लाभ मिलें यह सुनिश्चित करें।
राजस्व कार्यों सहित जनहित के सभी मामलों में किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुपालन किया जाता है। भू-माफियाओं के विरूद्ध एफआईआर सहित लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हाल-फिलहाल में फुलवारीशरीफ अंचल में एक भू-माफिया के विरूद्ध परसा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को भू-माफियाओं, शराब माफियाओं तथा बालू-माफियाओं के विरूद्ध विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है।
ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। राजस्व से जुड़े पदाधिकारियों को भूमि विवादों के प्रभावी निष्पादन एवं अनुश्रवण के लिए सूक्ष्मतम स्तर पर निगरानी, भूमि विवाद के मामलों की गंभीरता का आकलन, अधिकारियों को प्राथमिक सूचना की विस्तृत जानकारी, भूमि विवाद निराकरण के संबंध में कृत कार्रवाई की समीक्षा, विवादित भूमि के पूर्ववृत (हिस्ट्री शीट) की जानकारी एवं भूमि विवाद समाधान का योजनाबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। सभी अंचल अधिकारियों को दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंदर निष्पादन करने, नापीवाद एवं अतिक्रमणवाद का विधिवत संचालन करने, सरकारी जमीन का सम्पूर्ण ब्यौरा संधारित कर ऐसी भूमि को संरक्षित करने तथा विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लिए भूमि चिन्हित करने के कार्य में तेज़ी लाने एवं अपर समाहर्ता, पटना को अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया है.