बिहार के सासाराम में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि 11 बच्चे और पांच अन्य शिक्षक घायल हो गए। हादसा परसथूआ थाना क्षेत्र के सोहसा गांव के पास एनएच-319 पर रात करीब 12:30 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस मध्य विद्यालय बढ़ौना (अंचल चैनपुर, जिला कैमूर) की एजुकेशनल टूर बस थी, जो छात्रों और शिक्षकों को लेकर पटना जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 7 शिक्षक, 36 बच्चे और एक अभिभावक सवार थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में पुनीत कुमार सिन्हा (निवासी मिर्जापुर, यूपी) और संजय कुमार राय (निवासी भभुआ, कैमूर) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है।
घटना में घायल पांच शिक्षकों और 11 बच्चों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों को हर संभव मदद देने और दुर्घटना के कारणों का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया है।