जम्मू। जम्मू के बॉर्डर इलाके में आरएस पुरा के एक जुवेनाइल होम से दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत तीन कैदी सोमवार को ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसवालों पर कथित तौर पर हमला करके उन्हें घायल करने के बाद भाग गए। अधिकारियों ने इस बाबत बताया कि यह घटना शाम करीब पांच बजकर 15 मिनट की है। घटना के बाद जम्मू में रेड अलर्ट है।।
कौन थे जेल से भागने वाले नाबालिग?
जेल से जो तीन आरोपी भागे हैं, उनमें गैंगस्टर करजीत सिंह उर्फ गुग्गा, जो आर एस पुरा के दबलेहर का रहने वाला है। इनके अलावा पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सुना-उल्लाह और अहसान अनवर शामिल हैं।
गुग्गा पर 11 आपराधिक मामले दर्ज
फरार करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा पर विभिन्न थानों में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसका नाम घटारू हत्याकांड में भी आया था। वहीं, पाकिस्तानी नागरिकों में सनाल्लाह सितंबर, 2021 को राजौरी के केरी सेक्टर में घुसपैठ करते पकड़ा गया था। दूसरा पाकिस्तानी अहसान अक्टूबर, 2019 को पुंछ से घुसपैठ करते दबोचा गया था। नाबालिग होने के कारण तब दोनों को बाल सुधार गृह में रखा गया था।
दो पुलिसकर्मी घायल
अधिकारियों ने बताया कि SPO विनय और हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण नाम के दो पुलिसवाले घायल हो गए, पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसवालों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गैंगस्टर, जो खौफ गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, का जुवेनाइल होम के अंदर कुछ राउंड फायरिंग करने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लोकल बनी पिस्तौल कैदी तक कैसे पहुंची
छह पुलिसकर्मी सस्पेंड
अधिकारियों ने बताया कि भागने वालों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और अलग-अलग जगहों पर रेड की जा रही है। J&K के पुलिस डायरेक्टर जनरल नलिन प्रभात और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस भीम सेन टूटी ने दूसरे अधिकारियों के साथ मौके का दौरा किया। इस बीच एएसआई सहित छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।