भोजपुरी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह ने अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। आरा फैमिली कोर्ट में सुनवाई के दौरान पवन सिंह के गैरहाजिर रहने पर अक्षरा ने सवाल उठाते हुए कहा कि शादी के बाद पत्नी की जिम्मेदारी पति की होती है और उससे पीछे नहीं हटना चाहिए।
अक्षरा सिंह ने ज्योति सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि यदि किसी महिला ने रिश्ते में तकलीफें झेली हैं, तो उसे उचित अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्योति ने जो सहा है, उसके सामने 100 करोड़ रुपये की एलिमनी भी कम है। उनका मानना है कि यदि पवन सिंह साथ नहीं रखना चाहते, तो उन्हें उचित गुजारा भत्ता देना चाहिए।
दरअसल, ज्योति सिंह ने अदालत में कहा है कि वे अपने पति के साथ रहना चाहती हैं, लेकिन यदि ऐसा संभव नहीं है, तो 10 करोड़ रुपये एलिमनी के तौर पर दिए जाएं। इस मांग का समर्थन करते हुए अक्षरा ने कहा कि चाहे 10 करोड़ हों या 20 करोड़, जिम्मेदारी निभानी ही होगी।
इसी बीच अक्षरा ने बिहार के नेता तेज प्रताप यादव की भी सराहना की। अभिनेता राजपाल यादव की मदद करने पर उन्होंने तेज प्रताप को संवेदनशील और मददगार बताया। अक्षरा के इन बयानों से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है।