समस्तीपुर/वारिसनगर। वारिसनगर प्रखंड के मोगलानी चक स्थित मार्क इंटरनेशनल स्कूल का पांचवां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीत और प्रेरक भाषणों से सभी का मन मोह लिया।
समारोह का उद्घाटन डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार, जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पारंपरिक पाग, चादर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि डीआईजी आनंद कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने मोबाइल के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक का सही उपयोग बच्चों के भविष्य को संवार सकता है, जबकि गलत दिशा नुकसानदेह हो सकती है। इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका अहम है।
जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्तित्व निर्माण का आधार होता है। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया।
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय की प्रगति को सकारात्मक संकेत बताया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों ने बच्चों को सम्मानित किया और प्रेरक संदेश दिए।
विद्यालय निदेशक पुरुषोत्तम कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जागरूकता ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।