B I H A R
बिहार सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सभी 36 जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसके लिए समयबद्ध लक्ष्य तय किया है। इस पहल का उद्देश्य जिला स्तर पर ही गंभीर और जटिल बीमारियों का बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो।
इन अस्पतालों में भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक (आईपीएचएस) के अनुरूप व्यापक बदलाव किए जाएंगे। न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और नेफ्रोलॉजी जैसी चिकित्सा की विशेष शाखाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। साथ ही अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, 24×7 क्रिटिकल केयर (आईसीयू) और जटिल सर्जरी के लिए मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला अस्पतालों में एडवांस्ड आईसीयू, वेंटिलेटर, डायलिसिस यूनिट, कार्डियक मॉनिटर, कैथ लैब, ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर जैसी सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य है कि हृदय रोग, कैंसर, किडनी और मस्तिष्क संबंधी गंभीर बीमारियों के मरीजों को अपने ही जिले में उच्चस्तरीय और समय पर उपचार उपलब्ध हो सके।
EXPOSE BIHAR DESK