समस्तीपुर : ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी चौर में दर्जीनिया पुल के पास तीन बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने एक बाइक सवार प्रोपर्टी डीलर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर सभी बदमाश मौका पाकर फरार हो गए। मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के ही मिर्जापुर गांव के पलटन सहनी के पुत्र गणेश सहनी (32) के रूप में की गई है। वह निजी विद्यालय व कोचिंग में शिक्षक का भी काम करता था। हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात भी सामनें आ रही है। इधर हत्या की सूचना पाकर परिजनों व ग्रामीणों ने घटनास्थल से मृतक के शव को उठाकर एनएच-28 को गाँधी चौक के पास रखकर अवागमन ठप कर दिया। जाम के कारण समस्तीपुर – मुजफ्फरपुर – पटना मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतार लग गई। परिजन एवं ग्रामीण मृतक के आश्रित को पर्याप्त मुआवजा एवं हत्या में संलिप्त बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त कोचिंग संचालक गणेश सहनी हरपुर भिंडी में भतुआजान के समीप अपने कोचिंग संस्थान से मीटिंग कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल पर बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर गोलियों की बौछार कर दी। इस दौरान बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक गोलियां उसके शरीर में मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कोचिंग संचालक वकालत की प्रैक्टिस भी करते थे। इधर हत्या की सूचना पर ताजपुर थाने के अलावे आसपास के अन्य थानों की पुलिस बल के साथ सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय भी पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर और जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया। जाम समाप्त कराकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
तीन-चार दिनों पहले गणेश का हुआ था विवाद :
गणेश सहनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गयी। रविवार को एक तरफ एसपी तमाम पुलिस पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में क्राइम मीटिंग कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग व प्रापर्टी डीलर की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। बताया गया है कि तीन-चार दिनों पहले मृतक गणेश सहनी का किसी व्यक्ती से जमकर विवाद हुआ था। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। इसी बीच रविवार की दोपहर गणेश की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बताया गया है कि तीन बाइक पर 6 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक दर्जन खोखा भी बरामद किया है। जिस तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है उससे आशंका जतायी जा रही है की यह बदले की नियत से की गयी हत्या है।
एफएसएल की टीम ने नमूने किये एकत्रित :
इधर सूचना मिलते ही समस्तीपुर पुलिस की एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। एफएसएल टीम ने खोखों, खून के नमूनों और घटनास्थल की बारीकी से जांच की ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। वहीं पुलिस ने ई-साक्ष्य भी एकत्रित किये। घटनास्थल से करीब एक दर्जन खोखे बरामद किये गये है।
बयान :
प्रोपर्टी डीलर के हत्या की घटना बेहद गंभीर है। मौके से कई खोखे बरामद किए गए हैं और एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मृतक का कुछ दिनों पहले अपने ही सर्किल में किसी से विवाद हुआ था, उस एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है। - अरविंद प्रताप सिंह, एसपी, समस्तीपुर