मिथिला आइडल-2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंची समस्तीपुर की प्रतिभा कुमारी, क्षेत्र का बढ़ाया मान

Date: 2026-07-03
news-banner
S A M A S T I P U R

समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड की होनहार बेटी प्रतिभा कुमारी ने अपनी सुरीली आवाज और संगीत साधना के दम पर मिथिला आइडल-2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। बल्लीपुर पंचायत के नौआपोखर गांव निवासी एवं प्रधान शिक्षक उमेश प्रसाद राय तथा शमता कुमारी की पुत्री प्रतिभा ने मधुबनी के झंझारपुर में आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में शानदार प्रस्तुति देकर करीब 200 प्रतिभागियों के बीच अपना स्थान क्वार्टर फाइनल में सुनिश्चित किया।

इस उपलब्धि पर उन्हें प्रमाण-पत्र, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वर्तमान में प्रतिभा दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में संगीत ऑनर्स तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। बचपन से संगीत के प्रति गहरा लगाव रखने वाली प्रतिभा ने मध्य विद्यालय बल्लीपुर से अपनी संगीत यात्रा शुरू की और बाद में संगीत गुरु निराला जी तथा प्रोफेसर राजपाल सिंह के मार्गदर्शन में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की शिक्षा प्राप्त की।

प्रतिभा का लक्ष्य केवल प्रतियोगिता जीतना नहीं, बल्कि मिथिला की लोक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। उनकी इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments