📍 समस्तीपुर
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वासुदेवपुर में आमस-दरभंगा सिक्स लेन पुल निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान लोहे का भारी शटर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मजदूर की पहचान खगड़िया जिले के बलिया गांव निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद तमीज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले छह महीनों से वासुदेवपुर में पुल निर्माण कार्य में लगे हुए थे। घटना के समय पुल पर डालने के लिए लोहे का शटर तैयार किया जा रहा था, तभी अचानक वह ऊपर से गिर गया और सीधे उनके सिर के पिछले हिस्से पर जा लगा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तुरंत घायल मजदूर को खून से लथपथ हालत में समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज शुरू किया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर नीरज कुमार ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजनों और सहकर्मियों ने मोहम्मद तमीज को एंबुलेंस से दरभंगा स्थित DMCH (दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चिंता का माहौल है। बताया गया कि मोहम्मद तमीज के छह बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और चार बेटियां शामिल हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण इस तरह का हादसा हुआ। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
EXPOSE BIHAR DESK