S A M A S T I P U R
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मुस्तफापुर भाथ पोखर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक 20 चक्का ट्रक को जब्त किया, जिसमें यूरिया की बोरियों और लकड़ी के बुरादे की आड़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर छिपाकर ले जाई जा रही थी।
ट्रक को थाने लाकर जब ऊपर लदे सामान को हटाया गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक की बॉडी के बीचों-बीच बेहद शातिर तरीके से एक गुप्त तहखाना बनाया गया था, जिसे मजबूत वेल्डिंग और लॉकिंग सिस्टम से सील किया गया था। कटर और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से तहखाना खोलने पर उसके अंदर ठूंस-ठूंस कर भरी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस ने ट्रक से कुल 875 कार्टन शराब जब्त की है। इनमें 587 कार्टन विदेशी शराब की 21,804 बोतलें शामिल हैं, जिनमें 5,149 लीटर से अधिक शराब भरी हुई थी। इसके अलावा 288 कार्टन बीयर की 6,912 बोतलें भी मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 3,456 लीटर है। कुल मिलाकर 28,716 बोतल शराब और बीयर बरामद की गई है।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से एक अतिरिक्त पीली नंबर प्लेट, वाहन के रजिस्ट्रेशन की फोटोकॉपी और नकली कम्पोस्ट खाद के बिल भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि तस्करों ने जांच एजेंसियों को गुमराह करने के लिए पूरी योजना के साथ ट्रक को तैयार किया था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर समय रहते कार्रवाई कर तस्करी के इस बड़े प्रयास को विफल कर दिया गया।
EXPOSE BIHAR DESK