समस्तीपुर-कर्पूरीग्राम के बीच राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Date: 2026-01-31
news-banner

समस्तीपुर। समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेल खंड पर शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 20503 राजधानी एक्सप्रेस पर असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। यह घटना समस्तीपुर स्टेशन से खुलने के कुछ ही देर बाद और कर्पूरीग्राम स्टेशन से पहले हुई।

अचानक हुए इस पथराव में ट्रेन के B-5 कोच का शीशा टूट गया। कांच टूटने की तेज आवाज से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठ खड़े हुए, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित रखने की कोशिश की गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों को सूचित किया गया। ट्रेन जब मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची तो वहां टूटे शीशे की मरम्मत कराई गई। तकनीकी स्टाफ ने कोच की जांच कर नया शीशा लगाया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।

सूचना मिलते ही समस्तीपुर आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में पेट्रोलिंग की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण पत्थरबाजी करने वाले बदमाशों को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

बताया जा रहा है कि यह घटना समस्तीपुर स्टेशन से निकलने के बाद और कर्पूरीग्राम स्टेशन से पहले हुई। हाल के दिनों में इस रेलखंड पर ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को निशाना बनाया जा चुका है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों में डर का माहौल है और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रेल प्रशासन ने कहा है कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

advertisement image

Leave Your Comments