समस्तीपुर में सख्ती: रसोइया-सह-सहायक से गैर-किचन काम लेने पर होगी कार्रवाई

Date: 2026-01-29
news-banner

समस्तीपुर जिले के सरकारी स्कूलों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब रसोइया-सह-सहायक से केवल रसोई से जुड़े काम ही कराए जाएंगे। उनसे झाड़ू लगवाने, शौचालय साफ कराने या अन्य किसी भी प्रकार का गैर-किचन कार्य कराने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि रसोइया-सह-सहायक का मुख्य कार्य भोजन बनाना, बच्चों को भोजन परोसना और बर्तन साफ करना है। इसके अलावा कोई भी अतिरिक्त कार्य लेना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

डीईओ ने बताया कि विभाग को कई स्कूलों से शिकायतें मिली हैं, जिनमें कहा गया है कि कुछ जगहों पर रसोइया-सह-सहायक से कक्षाओं की सफाई, स्कूल परिसर में झाड़ू लगवाने और शौचालय साफ कराने जैसे काम लिए जा रहे हैं। यह न सिर्फ नियमों के खिलाफ है, बल्कि उनके अधिकारों का भी हनन है।

शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन करें। यदि कहीं से भी ऐसी शिकायत दोबारा मिलती है तो दोषी अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि इससे न केवल रसोइया-सह-सहायकों का सम्मान सुरक्षित रहेगा, बल्कि मध्याह्न भोजन योजना भी बेहतर ढंग से संचालित हो सकेगी।

advertisement image

Leave Your Comments