समस्तीपुर/कल्याणपुर : कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा वॉटरवेज तटबंध के समीप से अपहृत दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी विजय ठाकुर के पुत्र संजीव कुमार ठाकुर ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर उनका 16 वर्षीय पुत्र लकी कुमार गांव में आयोजित मेला देखने गया था। मेला समाप्त होने के बाद वह अपने साथी लदौरा निवासी रामसेवक चौधरी के पुत्र आशुतोष कुमार के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
करीब 11 बजे दिन में जब दोनों युवक अपने घर के सामने वॉटरवेज तटबंध पर पहुंचे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया और अपहरण कर लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया।
मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजावलपुर गांव के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही बदमाश दोनों युवकों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों अपहृत युवकों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इंस्पेक्टर सह कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि दोनों युवकों का फर्द बयान दर्ज कर मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर कोर्ट भेज दिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।