अंडर-19 स्टार वैभव सूर्यवंशी इस वर्ष नहीं देंगे 10वीं बोर्ड परीक्षा, क्रिकेट पर रहेगा फोकस

Date: 2026-02-15
news-banner


समस्तीपुर। ताजपुर निवासी युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। हाल ही में अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए वैभव ने व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम के कारण परीक्षा नहीं देने का निर्णय लिया है।

जानकारी के अनुसार, Central Board of Secondary Education (सीबीएसई) की 10वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित होनी हैं। वैभव का परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका था और एडमिट कार्ड भी जारी हो गया था। उनका परीक्षा केंद्र शहर के Poddar International School में निर्धारित किया गया था।

ताजपुर स्थित Modesty School Tajpur के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने पुष्टि की कि लगातार ट्रेनिंग कैंप, टूर्नामेंट और क्रिकेट गतिविधियों में व्यस्त रहने के कारण वैभव इस बार परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी से बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, क्रिकेट कार्यक्रमों के चलते वैभव लंबे समय तक घर और स्कूल से बाहर रहे, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हुई। फिलहाल वे पूरी तरह क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और आगामी टूर्नामेंटों की तैयारी में जुटे हैं।

वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा माना जा रहा है। अंडर-19 विश्व कप में उनकी आक्रामक और निडर बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों को खासा प्रभावित किया। अब क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि जल्द ही वे बड़े मंचों, खासकर आईपीएल में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

advertisement image

Leave Your Comments